

नर्मदापुरम / सीहोर जिले के पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला द्वारा शुक्रवार को पुलिस व्यवस्था की समीक्षा एवं सुदृढ़ीकरण के उद्देश्य से अनुभाग बुदनी का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने एसडीओपी कार्यालय बुदनी, थाना बुदनी, थाना शाहगंज तथा चौकी बक्तरा का भ्रमण कर अभिलेखों, अपराध रजिस्टर, लंबित प्रकरणों, मालखाना, हवालात एवं कार्यालयीन व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण, अपराधों की रोकथाम हेतु प्रभावी गश्त, अवैध गतिविधियों पर सतत निगरानी तथा आमजन से संवेदनशील व्यवहार रखने के निर्देश दिए। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं जनविश्वास को मजबूत करने पर विशेष बल दिया। पुलिस अधीक्षक ने थानों में साफ-सफाई, रिकॉर्ड संधारण एवं अनुशासन व्यवस्था की सराहना करते हुए आवश्यक सुधार हेतु निर्देश भी प्रदान किए। साथ ही आगामी त्योहारों होली, रंगपंचमी, ईद आदि पर सक्रियता से ड्यूटी करने हेतु निर्देशित किया । बुदनी में वर्धमान फैब्रिक्स और ट्राइडेंट कंपनी के सिक्योरिटी ऑफिसर्स के साथ कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में चर्चा की गई । सिक्योरिटी गार्ड्स को आवश्यक प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए । इस अवसर पर संबंधित अनुविभागीय अधिकारी पुलिस रवि शर्मा एवं थाना प्रभारी निरीक्षक माया सिंह, निरीक्षक दिनेश सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।

