
नर्मदापुरम / नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित इंटर डिस्ट्रिक्ट ट्वेंटी-ट्वेंटी सीनियर मेंस टूर्नामेंट के तीसरे और औपचारिक मैच में बैतूल ने नर्मदापुरम टीम को 37 रनों से हराया। नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट संघ के मानसेवी सचिव प्रदीप तोमर ने बताया कि नर्मदापुरम और बैतूल प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंच चुकी है। इससे पहले आज खेले गए मुकाबले में बैतूल की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में आर्यन देशमुख के 48 रन, शाहील कवाड़े 45 और आयुष मानकर 28 रनों की मदद से 192 रन बनाकर 193 रनों का लक्ष्य रखा। नर्मदापुरम के गेंदबाज आलोक मिश्रा, गौतम रघुवंशी और देवांश यदुवंशी ने 2-2 विकेट हासिल किए। वहीं ऋत्विक दीवान और राज मेहता को 1-1 सफलता प्राप्त हुई। लक्ष्य का पीछा करते हुए नर्मदापुरम की टीम 155 रनों पर ऑल आउट हो गई। जिसमें कप्तान राहुल चंद्रौल ने सर्वाधिक 45 और ऋत्विक दीवान ने 28 रनों का योगदान दिया। बाकी कोई भी बल्लेबाज ज्यादा समय तक पिच पर नहीं रुक पाया। बैतूल की और से आयुष मानकर ने सर्वाधिक 4 विकेट, आर्यन देशमुख ने 2 विकेट, नवीन नागले, यशवीर सिंह, शरद को 1-1 सफलता प्राप्त हुई। दोहरा प्रदर्शन करने पर आर्यन देशमुख को मेन ऑफ द मैच चुना गया है। मैच में अंपायर की भूमिका विशाल शर्मा और सुनील कालोसिया एवं स्कोरर दिनेश वर्मा रहे। इस अवसर पर मैदान पर एमपीसीए मैनेजिंग कमेटी सदस्य अनुराग मिश्रा, सीनियर सिलेक्शन कमेटी चेयरमैन संजय नाफडे, जिला क्रिकेट संघ सचिव मनोहर बिल्थरिया सहित ग्राउंड स्टाफ मौजूद रहा।

