नर्मदापुरम / शासकीय विधि महाविद्यालय नर्मदापुरम की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा ग्राम पलासी में सात दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया है। यह शिविर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. कल्पना भारद्वाज के निर्देशन, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा शिविर नायक आनंद सिंह के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है।
शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में सामाजिक जागरूकता फैलाना, युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करना तथा समसामयिक विषयों पर जागरूकता विकसित करना है। इसी क्रम में “मेरा युवा भारत के लिए डिजिटल साक्षरता में युवाओं की भूमिका” विषय पर बौद्धिक सत्र का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महाविद्यालय से राजदीप सिंह भदौरिया, डॉ. ओम शर्मा, डॉ. हरिप्रकाश मिश्रा एवं शिवकांत मौर्य विशिष्ट अतिथि के रूप कविता राजपूत एवं रोशनी नरवरिया में उपस्थित रहे।
राजदीप सिंह भदौरिया ने डिजिटल साक्षरता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वर्तमान समय में इंटरनेट का सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने “Have I Been Pwned” (haveibeenpwned.com) वेबसाइट की जानकारी देते हुए बताया कि इसके माध्यम से यह जांचा जा सकता है कि किसी की ईमेल आईडी या जीमेल अकाउंट का डेटा कहीं लीक तो नहीं हुआ है। उन्होंने मजबूत पासवर्ड, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन तथा नियमित सुरक्षा जांच की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही उन्होंने युवाओं को गूगल के अतिरिक्त ब्रेव (Brave) जैसे सुरक्षित एवं गोपनीयता-आधारित सर्च इंजन के उपयोग की सलाह दी।
इस अवसर पर कविता राजपूत ने युवाओं को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग की जानकारी देते हुए कहा कि अपनी निजी जानकारी जैसे मोबाइल नंबर, बैंक विवरण, ओटीपी या पासवर्ड ऑनलाइन साझा करने से बचें। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर सतर्कता और मजबूत पासवर्ड का उपयोग साइबर सुरक्षा की पहली शर्त है।
वहीं रोशनी नरवरिया ने अपने संबोधन में कहा कि डिजिटल साक्षरता के माध्यम से ही साइबर अपराधों से प्रभावी बचाव संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, लिंक या ऑनलाइन ठगी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन एवं नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क करें। समय पर शिकायत दर्ज कराने से नुकसान को रोका जा सकता है।
शिविर में स्वच्छता अभियान, जनजागरूकता रैली एवं ग्रामीणों के साथ संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें स्वयंसेवक उत्साहपूर्वक सहभागिता कर रहे हैं।
शिविर में सहभागिता करने वाले स्वयंसेवकों में रोहित नोरिया, जुगल किशोर भारती, शुभम केवट, चेतन मालवी, राजकुमार रहेड़वा, पीयूष शर्मा, राहुल कीर, सत्यम तिवारी, विजय राजोरिया, अनमोल यादव , ईश्वर इंदौरे, पंकज कोसल सहित अन्य स्वयंसेवक शामिल रहे। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का स्वयं सेवक हेमराज परिहार ने आभार व्यक्त किया ।

