
नर्मदापुरम / ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा चल रहे शिव महिमा ज्ञान यज्ञ के अंतर्गत शनिवार को दीपोत्सव और ओम ध्वनि कार्यक्रम श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर सभी श्रद्धालु अपने-अपने घरों से दीपक लेकर आए। कथा वाचिका नीलम दीदी ने परमात्मा के योग द्वारा उन दीपकों को अभिमंत्रित एवं ऊर्जावान किया। उन्होंने बताया कि यह दीपक शुभकामना और सकारात्मक संकल्प का प्रतीक है। सभी को प्रतिदिन इस दीप को अपने घर में प्रज्वलित कर वातावरण को पवित्र और ऊर्जावान बनाने का संदेश दिया गया।
कथा के छठे दिन कर्म की गति विषय पर गहन प्रकाश डाला गया। समझाया गया कि प्रत्येक मनुष्य को अपने कर्मों का हिसाब अवश्य देना पड़ता है। जब हम अपने कर्मों को आत्मचिंतन द्वारा अनुभव करते हैं, तब उनका परिवर्तन सहज हो जाता है। परमात्मा शिव ही ऐसे हैं जो पापों से मुक्ति दिलाते हैं, इसलिए प्रतिदिन अपने कर्मों का लेखा-जोखा परमात्मा शिव के सम्मुख रखने का अभ्यास करना चाहिए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सांसद दर्शन सिंह चौधरी, साई वल्लभ, डी एस पी संतोष मिश्रा तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने कहा कि शिव का संदेश देना अत्यंत महान कार्य है। सनातन संस्कृति को बढ़ावा देना समाज की सच्ची सेवा है। उन्होंने माउंट आबू को महान तीर्थ बताते हुए सभी से वहां जाने का आह्वान किया। बीके सुनीता और तुलसा ने सभी का धन्यवाद किया। कार्यक्रम का समापन शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा के संकल्प के साथ रहा दीप आरती से हुआ। आज महाशिवपुराण कथा का अंतिम दिवस है, सभी शहर वासियों से निवेदन किया कि कथा में अवश्य पहुंचकर कथा का लाभ ले।

