
नर्मदापुरम / राज्य शरीर सौष्ठव संस्था उज्जैन ने नर्मदापुरम के बॉडी बिल्डर मिर्जा जमाल को अनुशासनहीनता पर बॉडी बिल्डिंग की सभी प्रतियोगिताओं में प्रवेश लेने पर प्रतिबन्ध लगा दिया है। राज्य शरीर सौष्ठव संस्था उज्जैन के सचिव अतिन तिवारी ने शनिवार को पत्र जारी कर मिर्जा जमाल पर अजीवन प्रतिबन्ध लगाने की जानकारी सभी जिलों में बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन को भेजी है। बॉडी बिल्डर मिर्जा जमाल ने पिछले दिनों नर्मदापुरम में आयोजित हुई बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप में निर्णायकों के फैसले पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया पर प्रतियोगिता के निर्णायकों व आयोजकों पर अपशब्दों का प्रयोग किया था। इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए राज्य शरीर सौष्ठव संस्था उज्जैन ने जमाल को जिला, संभाग, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर की बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में आजीवन प्रतिबंधित किया है।

