
इटारसी / न्यास कॉलोनी स्थित कमला नेहरू स्कूल के सामने सड़क के अंदर बिछी पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिसके कारण लगातार पानी का रिसाव हो रहा है। परिणामस्वरूप सड़क पर जलभराव, आसपास की जमीन पर कीचड़ और आवागमन में गंभीर बाधा उत्पन्न हो रही है। स्कूल क्षेत्र होने के कारण बच्चों, अभिभावकों एवं स्थानीय नागरिकों को प्रतिदिन असुविधा और दुर्घटना का खतरा झेलना पड़ रहा है। उल्लेखनीय है कि शहर में नालों के भीतर से गुजर रही पाइपलाइनों और जर्जर जल व्यवस्था को लेकर पूर्व में भी गंभीर आपत्तियाँ दर्ज कराई जा चुकी हैं। स्वच्छ पेयजल और सुरक्षित जलनिकासी को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया था, किंतु संबंधित विभाग द्वारा ठोस और स्थायी समाधान अब तक सुनिश्चित नहीं किया गया है। यह स्थिति केवल सड़क की खराबी का विषय नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य और प्रशासनिक जवाबदेही का प्रश्न है। निरंतर रिसाव से एक ओर जल की बर्बादी हो रही है, वहीं दूसरी ओर गंदगी और कीचड़ से संक्रामक रोगों का खतरा भी बढ़ रहा है। मांग की जाती है कि संबंधित विभाग तत्काल प्रभाव से क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत कराए, सड़क की स्थिति सुधारें तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए तकनीकी निरीक्षण कर स्थायी समाधान प्रस्तुत करें। यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो नागरिक स्तर पर व्यापक जनप्रतिनिधित्व और वैधानिक कार्रवाई के विकल्पों पर विचार किया जाएगा, पूर्व में अधिवक्ता सिद्धार्थ महेश आर्या उचित कार्यवाही के लिए पत्र दे चुके हैं ।

