
सोहागपुर / सोहागपुर को जिला घोषित किए जाने की मांग को लेकर करणी सेवा ने प्रशासन को औपचारिक ज्ञापन सौंपा। करणी सेवा के अध्यक्ष राजकुमार ठाकुर के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही जनभावना को प्रमुखता से रखते हुए शीघ्र निर्णय की मांग की। ज्ञापन सौंपते समय मोनू मेहरा सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि सोहागपुर, मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले की ऐतिहासिक और भौगोलिक दृष्टि से महत्वपूर्ण तहसील है, जो लंबे समय से जिला बनने की पात्रता रखती है। करणी सेवा ने अपने ज्ञापन में उल्लेख किया कि जिला बनने से प्रशासनिक कार्यों में गति आएगी, दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों को शासकीय योजनाओं का त्वरित लाभ मिलेगा, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी बताया कि विश्वप्रसिद्ध सतपुड़ा टाइगर रिजर्व की निकटता के कारण सोहागपुर में पर्यटन और व्यापार की अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें जिला बनने के बाद और मजबूती मिलेगी। करणी सेवा ने स्पष्ट किया कि जब तक इस मांग पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक जनजागरण और लोकतांत्रिक प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

