
रायसेन / मध्य प्रदेश के रायसेन जिले की तहसील बाड़ी अंतर्गत ग्राम गोरा मछवाई में समाजहित की दिशा में एक सराहनीय पहल के तहत रागिनी फाउंडेशन द्वारा दिनांक 25 फरवरी 2026 को सर्व समाज निःशुल्क कन्या विवाह (सामूहिक विवाह) सम्मेलन का भव्य आयोजन किया जा रहा है।
रागिनी फाउंडेशन विगत कई वर्षों से समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते हुए जरूरतमंद परिवारों की सहायता करता आ रहा है। संस्था द्वारा समय-समय पर जनहित में विभिन्न सामाजिक कार्य किए जाते रहे हैं और इसी सेवा भावना के साथ अब आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह को सम्मानपूर्वक संपन्न कराने हेतु इस विशाल सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। यह भव्य आयोजन ग्राम गोरा मछवाई स्थित रोटी वाले बाबा जी के समक्ष आयोजित होगा, जिसमें सर्व समाज की सहभागिता से अनेक जोड़ों का विवाह एक ही मंच पर पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न कराया जाएगा। संस्था का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को साथ लेकर सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाना है। रागिनी फाउंडेशन भविष्य में भी इसी प्रकार समाजहित में कार्य करता रहेगा।
आयोजन समिति द्वारा सर्व समाज के गणमान्य नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस पुनीत सामाजिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर नवविवाहित जोड़ों को अपना आशीर्वाद प्रदान करें।

