
नर्मदापुरम / बुधवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार द्वारा 2026-27 का बजट पेश होने पर भारतीय जनता पार्टी की जिला अध्यक्ष प्रीति शुक्ला ने वित्त मंत्री के बजट का स्वागत करते हुए कहा कि यह बजट किसान, युवा और नारी शक्ति को समर्पित ऐतिहासिक एवं जनकल्याणकारी बजट है। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा। प्रीति शुक्ला ने कहा कि यह बजट GYANII (गरीब, युवा, अन्नदाता, नारी और इन्फ्रास्ट्रक्चर, इन्डस्ट्री) की अवधारणा पर आधारित है, जिसमें समाज के प्रत्येक वर्ग के सशक्तिकरण की स्पष्ट झलक दिखाई देती है। वर्ष 2026-27 के लिए ₹4,38,317 करोड़ का प्रावधान प्रदेश की विकास प्रतिबद्धता को दर्शाता है। । उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव की सरकार के द्वारा वर्ष 2026 को किसानों को समर्पित करते हुए किसान कल्याण वर्ष घोषित किया गया है। इस संकल्प के अनुरूप बजट में कृषि, सिंचाई, उपज के बेहतर दाम और सहकारिता व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया गया है। सरकार का उद्देश्य है कि किसान की आय बढ़े, खेती की लागत कम हो और कृषि को अधिक लाभकारी बनाया जा सके। यह बजट प्रदेश के अन्नदाता को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में ठोस और दूरदर्शी पहल है। जिला अध्यक्ष ने कहा कि युवाओं के कौशल विकास, रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए ठोस प्रावधान किए गए हैं। वहीं महिलाओं की सुरक्षा, आवास एवं आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता देकर नारी शक्ति को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
उन्होंने कहा कि यह बजट दीर्घकालिक दृष्टि के साथ तैयार किया गया रोलिंग बजट है, जिसमें आगामी वर्षों की स्पष्ट रूपरेखा भी सम्मिलित है। इससे योजनाओं में निरंतरता और विकास की स्थिरता सुनिश्चित होगी।
भाजपा जिला अध्यक्ष प्रीति शुक्ला ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार गरीब कल्याण, सुशासन और विकास के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव एवं वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट विकसित मध्यप्रदेश के संकल्प को साकार करने वाला परिवर्तनकारी बजट है।

