इटारसी / मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा केंद्र की मोदी सरकार के साथ अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील के विरोध में तथा प्रदेश में व्याप्त आर्थिक बदहाली और अराजकता के खिलाफ विधानसभा का घेराव करने का निर्णय लिया गया है। इसी क्रम में दिनांक 24 फरवरी मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी नर्मदापुरम के नेतृत्व में भोपाल कूच किया जाएगा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पाण्डेय ने जिले के समस्त ब्लॉक अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष कांग्रेस एवं सभी मोर्चा संगठन, प्रकोष्ठों के अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रातः 11 बजे भोपाल पहुंचकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी एवं आर्थिक संकट से जूझ रही है, जिसके विरोध में यह आंदोलन आयोजित किया जा रहा है। सभी कार्यकर्ताओं से समय पर उपस्थित होकर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन में भाग लेने का आग्रह किया गया है। यह जानकारी जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनिल रैकवार द्वारा दी गई।

