
नर्मदापुरम / श्रीमती दुर्गा देवी शर्मा विद्यालय में बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए शनिवार को दंत चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में डॉ. कुनाल चौधरी एवं श्रीमती इस्मिता चौधरी ने विद्यार्थियों के दांतों की जांच की और उन्हें दांतों की सही देखभाल के बारे में विस्तार से जानकारी दी। डॉ. कुनाल चौधरी ने बच्चों को बताया कि प्रतिदिन दो बार ब्रश करना, मीठी वस्तुओं का सीमित सेवन करना तथा समय-समय पर दंत चिकित्सक से जांच कराना आवश्यक है। श्रीमती इस्मिता चौधरी ने भी बच्चों को दांतों की स्वच्छता बनाए रखने के व्यावहारिक उपाय समझाए। विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती अदिति चतुर्वेदी ने शिविर के समापन पर डॉ. कुनाल चौधरी एवं श्रीमती इस्मिता चौधरी को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में इस प्रकार के स्वास्थ्य संबंधी शिविर समय-समय पर आयोजित होते रहने चाहिए, जिससे विद्यार्थियों को लाभ मिल सके।
शिविर के आयोजन में विद्यालय स्टॉफ का सहयोग रहा। शिविर में विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में विशेष उत्साह देखा गया और सभी ने इस पहल की सराहना की।

