
सिवनी मालवा / जैन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रोगी कल्याण समिति की साधारण सभा की बैठक विधायक प्रेम शंकर वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. शेखर रघुवंशी द्वारा कुल 18 प्रस्ताव चर्चा हेतु प्रस्तुत किए गए। इन प्रस्तावों में मुख्य रूप से अस्पताल परिसर में लिफ्ट की सुविधा के साथ मरीजों एवं परिजनों के लिए छायादार बैठक व्यवस्था तथा शौचालय निर्माण, पार्किंग व्यवस्था, मंदिर प्रांगण का सीमेंटीकरण के संबंध में प्रस्ताव शामिल थे। साथ में रोगी कल्याण समिति के आय व्यय की समीक्षा कर सभी प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा उपरांत आवश्यक कार्यों को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई। समिति द्वारा यह भी निर्णय लिया गया कि जन सहयोग से अधिक से अधिक विकास कार्य कराए जाने का प्रयास किया जाएगा, जिससे अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। बैठक में श्रीमती प्रीति शुक्ला भाजपा जिला अध्यक्ष, रितेश जैन अध्यक्ष नगरपालिका सिवनी मालवा, विजय राय अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सिवनी मालवा, राजकुमार लोक निर्माण विभाग, हेमंत चौकसे प्रतिनिधि मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं संस्था के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में विधायक प्रेम शंकर वर्मा ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ बनाने हेतु आवश्यक सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।

