
नर्मदापुरम / (रायसेन / बाड़ी) आगामी महाशिवरात्रि, होली एवं रंगपंचमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के उद्देश्य से भारकच्छ कला ग्राम पंचायत में शांति समिति एवं ग्राम रक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन रायसेन जिले के बाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत थाना प्रभारी विनोद परमार की अगुवाई में किया गया। जिसमें ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न समाजों के सदस्य एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। बैठक में आगामी धार्मिक पर्वों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने, आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय एवं दिए गए निर्देश….
धार्मिक स्थलों, विशेषकर मंदिर एवं मस्जिद के आसपास साफ-सफाई की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। त्योहारों के दौरान पुलिस द्वारा नियमित भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की जानकारी दी गई। महाशिवरात्रि के अवसर पर शिवालय में भजन, पूजन एवं धार्मिक कार्यक्रम शांतिपूर्वक आयोजित करने की अपील की गई।
रमजान के दौरान मस्जिद में नमाज का समय सामान्य दिनों से लगभग एक घंटा अधिक रहने की जानकारी साझा की गई तथा आपसी सहयोग बनाए रखने पर जोर दिया गया। होली दहन 03 मार्च 2026 को मुख्य बाजार चौक एवं खेडापति मंदिर के पास निर्धारित स्थानों पर किया जाएगा। 04 मार्च 2026 को गैर (जुलूस) निकाला जाएगा तथा रंगपंचमी का पर्व भी पारंपरिक रूप से मनाया जाएगा।
सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील…..
बैठक में ग्राम सरपंच, शांति समिति, हिंदू एवं मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों सहित अन्सार रावां, संतोष ठाकुर, आबिद अली एवं अनुज ठाकुर सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्द के साथ मनाने का संकल्प लिया। थाना प्रभारी विनोद परमार ने उपस्थित नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में शांति, सौहार्द एवं कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए सभी त्योहारों को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने विशेष ध्यान देने हेतु कहा गया।

