

नर्मदापुरम् / वैश्य महासम्मेलन मध्य प्रदेश युवा इकाई एवँ महिला इकाई द्वारा रविवार को जिला चिकित्सालय स्थित रेड क्रॉस भवन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन संस्था के संस्थापक अध्यक्ष स्व. नारायण प्रसाद गुप्ता ‘नानाजी’ की पुण्यतिथि के स्मृति में किया गया। शिविर में समाज के युवाओं और पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानवता का संदेश दिया। इस अवसर पर सम्भागीय अध्यक्ष नीरजा फौजदार एवं जिला अध्यक्ष (युवा) गौरव सेठ ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है, हमारी एक पहल किसी का जीवन बचा सकती है। रक्तदान के पश्चात उपस्थित अतिथियों द्वारा जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरित कर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से सम्भागीय उपाध्यक्ष भारती अग्रवाल, जिला अध्यक्ष कुकू भाई (विपिन जैन), पूर्व जिला अध्यक्ष उषा अग्रवाल, नगर अध्यक्ष शारदा जैन, जयंती जैन, अनीता अरुण जैन, उषा गुप्ता, नर्मदा प्रसाद साहू एवं कोमल साहू सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

