नर्मदापुरम / होमगार्ड विभाग में 35 से 40 वर्ष सेवाएं देकर सेवानिवृत्त हुए जवानों की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को नेहरु पार्क में सम्पन्न हुई। बैठक में विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित दिनेश चतुर्वेदी जिलाध्यक्ष पेंशनर्स एसोसिएशन, शैलेन्द्र नाथ श्रीवास्तव प्रांतीय उपाध्यक्ष, राजेश कुलश्रेष्ठ, रुपेन्द्र गौर, विनोद दुबे के द्वारा मां सरस्वती की फोटो पर फूलमाला पहनाकर दीप प्रज्ज्वलित किया गया। तद्उपरांत बैठक के मुख्य एजेंडा विशेष रूप से शासन द्वारा 35 से 40 वर्ष सेवाएं देने उपरांत जवानों को उनके हाल पर छोड़ दिये जाने मुख्य मुद्दे पर चर्चा की गई। जवान ललित मोहन यादव ने आगे बताया कि जवानों को बुढ़ापे में जीवन यापन के लिए किसी भी प्रकार की कोई सुविधा नहीं दी गई है। जवानों को वर्दी के नाम पर अंग्रेजी कानूनों के चलते उनके मौलिक अधिकार हकों से वंचित रखा गया है। शासन से पेंशन एवं सरकार की अन्य जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी जवानों को नहीं मिल रहा है। महत्वपूर्ण चर्चा पर जिलाध्यक्ष दिनेश चतुर्वेदी, प्रांतीय उपाध्यक्ष शैलेन्द्र नाथ श्रीवास्तव ने संबोधित करते हुए जवानों को आश्वस्त किया कि आपकी नीतिगत मांग उचित फोरम के माध्यम से शासन के समक्ष रख कर हर संभव हल कराने का प्रयास किया जावेगा। बैठक में बद्री प्रसाद कौरव , प्रेम भारती, शीतल पुरी, हरीश पांडे, भीम मालवी, शिवकुमार जोशी, रामेश्वर मिश्रा, रमेशकुमार, बुद्धराम यादव, कन्हैयालाल चौरे, बद्री प्रसाद चौकसे, रामभरोस ठाकुर, प्रेमनारायण दीक्षित, योगेश शर्मा, हरिप्रसाद, लाल वीर पटेल, चैन सिंह, रामलाल, सुरेन्द्र, उम्मेदसिंह, जयराम, सियाराम रघुवंशी सहित अन्य जवान विशेष रूप से उपस्थित रहे।

