

नर्मदापुरम / कन्याकुमारी से संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) की किसान जागृति यात्रा विशाल जनसभा के बाद शुरू हुई। जिसमें मुख्य तौर पर जगजीत सिंह डल्लेवाल (पंजाब), क़ुर्बुरु शांताकुमार (कर्नाटक), पी आर पांड्यंन (तमिलनाडु), पी अय्यकन्नू (तमिलनाडु), अभिमन्यु कोहाड़ (हरियाणा), इंदरजीत पन्नीवाला (राजस्थान), लीलाधर राजपुत एवम अरुण पटेल (मध्यप्रदेश), नितिन बाल्यान ( उत्तर प्रदेश), हरसुलिन्दर सिंह एवम सोनू औलख (पंजाब) समेत सैंकड़ों किसान मौजूद रहे। किसान नेताओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर के यात्रा को शुरू किया और स्थानीय किसानों ने किसानी मांगों पर गाँवों-गाँवों से पारित कराए गए प्रस्तावों की प्रतियां जगजीत सिंह डल्लेवाल को सौंपी। किसान नेता पी. आर. पांड्यंन ने बताया कि कल सुबह 10 बजे मदुरै एवम शाम 5 बजे नागपटिनम में किसानों की जनसभाएं आयोजित की जाएंगी। जिसमें तमिलनाडु के किसान बड़ी संख्या में भाग लेंगे। किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने बताया कि भारत-अमेरिका के मध्य हुए मुक्त व्यापार समझौते के तहत भारत के किसानों के हितों को आघात पहुंचाने का कार्य किया गया है, उन्होंने कहा कि वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ट्वीट कर कह रहे हैं कि खेती एवम डेयरी सेक्टरों की रक्षा करी जाएगी। लेकिन
भारत-अमेरिका के साझा वक्तव्य में यह कहा गया है कि अमेरिका के खेती एवम खाद्य उत्पादों के ऊपर लगे नॉन-टैरिफ प्रतिबंधों पर चर्चा कर के उनका समाधान निकालने के लिए भारत तैयार हो गया है। किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने कहा कि ये दोनों विरोधाभासी बातें हैं और भारत-अमेरिका के साझा वक्तव्य से स्पष्ट हो गया है कि अमेरिका के दबाव के सामने भारत की सरकार ने अमेरिकी कृषि उत्पादों के लिए भारतीय बाजार को खोलने की स्वीकृति दे दी है। जिस से भारत के किसानों को बहुत अधिक नुक्सान होगा। उन्होंने आगे बताया कि जल्द ही एक मीटिंग कर के संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) भारत-अमेरिका के मध्य हुए मुक्त व्यापार समझौते के खिलाफ बड़े प्रदर्शन की घोषणा करेगा और भारत के किसान ऐसे किसी भी मुक्त व्यापार समझौते को बर्दाश्त नहीं करेंगे। किसान नेता क़ुर्बुरु शांताकुमार ने कहा कि दिसंबर 2025 में अमेरिकी सरकार ने “फार्मर्स ब्रिज असिस्टेंस” योजना के तहत अमेरिका के किसानों को 12 बिलियन डॉलर की परोक्ष तौर पर आर्थिक मदद की और हर वर्ष लगभग 80 लाख रुपये प्रति किसान को सब्सिडी के तौर पर दिया जाता है और दूसरी तरफ भारत में हर वर्ष लगभग मात्र 14,000 रुपये प्रति किसान को सब्सिडी दी जाती है। इसलिए भारत का किसान अमेरिका के किसान से मुकाबला नहीं कर सकता। किसान नेता पी अय्यकन्नू ने कहा कि 19 मार्च को दिल्ली के रामलीला ग्राउंड में आयोजित किसान महापंचायत में तमिलनाडु के किसान बड़ी संख्या में भाग लेंगे और उन्होंने यह भी कहा कि MSP गारंटी कानून पूरे देश के किसानों की सबसे महत्वपूर्ण मांग है और केंद्र सरकार को इसे जल्द से जल्द पूरा करना चहिए। कन्याकुमारी से कश्मीर तक किसान जागृति यात्रा जैसे ही नर्मदापुरम जिले में प्रवेश करेगी सुखतवा मे आगमन से लेकर नर्मदा पुरम जिले में कार्यक्रम आयोजित रहेंगे जिसमें यात्रा का भव्य स्वागत किसानों के द्वारा किया जाएगा। उक्त जानकारी किसान केशव साहू जिला प्रवक्ता क्रांतिकारी किसान मजदूर संगठन जिला नर्मदापुरम मध्य प्रदेश द्वारा दी गईं।

