

नर्मदापुरम / ऐतिहासिक और सुप्रसिद्ध रामजी बाबा मेले के सांस्कृतिक मंच पर बीती शाम सुरों की एक यादगार महफिल सजी। इस विशेष ‘म्यूजिकल नाइट’ के मुख्य आकर्षण जहाँ बॉलीवुड के दिग्गज पार्श्व गायक शब्बीर कुमार रहे, वहीं स्थानीय दर्शकों के लिए गर्व का पल तब आया जब क्षेत्र की उभरती हुई प्रतिभा प्रतिमा गोस्वामी ने अपनी गायकी से मंच पर समां बांध दिया।
प्रतिभा और परिश्रम का दिखा संगम…..
प्रतिमा गोस्वामी लंबे समय से संगीत के क्षेत्र में साधना कर रही हैं और कल रात उनकी वह मेहनत मंच पर साफ झलकी। अपनी सुरीली आवाज और गायकी के प्रति समर्पण के चलते उन्होंने न केवल दर्शकों की वाहवाही लूटी, बल्कि संगीत जगत की जानी-मानी शख्सियत शब्बीर कुमार के साथ सुर मिलाते हुए शहर का नाम रोशन किया। दिग्गज गायक के साथ उनकी जुगलबंदी कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही।
उत्साह और प्रेरणा की लहर….
रामजी बाबा मेले में आयोजित इस संगीतमय शाम को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। मेला परिसर श्रोताओं से खचाखच भरा रहा। आयोजन समिति ने स्थानीय प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की अपनी परंपरा को दोहराते हुए प्रतिमा को यह अवसर प्रदान किया। “प्रतिमा जैसी होनहार कलाकार को इतने बड़े मंच पर दिग्गज कलाकारों के साथ प्रदर्शन करते देखना शहर के अन्य उभरते युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा है।”

