नर्मदापुरम / शासकीय गृहविज्ञान स्नातकोत्तर अग्रणी महाविद्यालय में शनिवार को मानक क्लब द्वारा मानक लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसका विषय पैकेज बंद पेयजल रखा गया। भारतीय मानक ब्यूरो के निर्देशन में मानक क्लब द्वारा समय समय पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। इस दौरान महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. श्रीमती कामिनी जैन ने अपने उद्बोधन में बताया कि हमारे महाविद्यालय में संचालित मानक क्लब का गठन छात्राओं को मानकों के लिए जागरुक कर उनके सर्वांगीण विकास के लिए मानक ब्यूरो भोपाल के मार्गदर्शन में किया गया है। जो विगत तीन वर्षों से संचालित है। जिसका संचालन मानक क्लब की मेंटर डॉ. वैशाली लाल द्वारा सफलता पूर्वक किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता के पूर्व मानक ब्यूरो भोपाल से प्रतिनिधि श्रीधर पांडे ने गूगल मीट के माध्यम से छात्राओं को मानक लेखन प्रतियोगिता के सम्बन्ध में मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने बताया कि बी आई एस, बी आई एस अधिनियम 2016 के अंतर्गत स्थापित भारत का राष्ट्रीय मानक निकाय है जो मानकीकरण, मुहरांकन और सामान की गुणवत्ता प्रमाणन की गतिविधियों के सुमेलित विकास और इसके साथ जुड़े मामलों या आकस्मिक मामलों के सुमेलित विकास के लिए है। उन्होंने छात्राओं को पैकेज बंद पेयजल, प्रेशर कुकर और हेलमेट के मानकीकरण के नियमो एवं महत्व के बारे में विस्तार से समझाया। मानक लेखन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर कु. श्रिया मनीष और कु. ख्याति यादव, द्वितीय स्थान पर कु. श्रद्धा शर्मा और कु. रेहनुमा अंसारी तृतीय स्थान पर कु. प्रियांशी राजपूत और कु. हर्षिता मिश्रा एवं सांत्वना पुरस्कार कु. रिशीका छाबड़े और सुहानी मालवीय ने प्राप्त किया। पुरस्कार के तौर पर क्रमशः 1000, 750, 500 एवं 250 नगद राशि एवं प्रमाण पत्र महाविद्यालय की प्राचार्य द्वारा प्रदान किये गए और छात्राओं को शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता के दौरान मानक क्लब के सदस्य श्रीमती आभा वाधवा, शुभम भद्रे, देवेन्द्र सैनी, डॉ. मनीष चंद्रचौधरी एवं छात्रायें उपस्थित रहे।

