


नर्मदापुरम / नर्मदाष्टक उपासना मंडल समिति का नर्मदा अध्ययन दल शुक्रवार को सेठानी घाट स्थित तिलक भवन से नर्मदा यात्रा पर रवाना हुआ। यह दल अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद नर्मदापुर के संगठन मंत्री रहे किशोर पौनीकर के नेतृत्व में महाराष्ट्र से आया है। जिसमें 30 से अधिक नर्मदा यात्री शामिल है। शुक्रवार सुबह सभी अध्ययन दल के सदस्यों ने मां नर्मदा का पूजन किया। सामूहिक नर्मदा अष्टक करने के बाद नर्मदापुरम से सभी ने अपनी यात्रा की जो कि डोंगरवाडा, खोकसर, आंवलीघाट, बाबरी घाट, चांदवडकुटी, छिपानेर, चिचोड बजरंग कुटी, लछोरा, हरदा, हंडिया, नेमावर, सलकनपूर, बुदनी से होकर वापस नर्मदापुरम पहुंचेगी। तिलक भवन में सभी अध्ययन दल सदस्यों का स्वागत सम्मान कार्यक्रम हुआ। इस दौरान नपाध्यक्ष नीतू यादव, जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष भरत सिंह राजपूत, शशांक हर्णे, मीरा ताई ने अध्ययन दल के सदस्यों के समक्ष अपनी बात रखी। नर्मदा अध्ययन दल संयोजक किशोर पौनीकर ने इस यात्रा के उद्देश्य व नर्मदा संरक्षण कार्यक्रम व संवाद कार्यक्रम की जानकारी दी। श्री पौनीकर ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य नर्मदाभक्ती के माध्यम से सांस्कृतिक, सामाजिक व पर्यावरणीय कार्य और नर्मदा किनारे बसे लोगों से संवाद करना है। कार्यक्रम के दौरान किशोर पौनीकर द्वारा लिखी गई नदीपुरक जीवन पद्धति पुस्तक का विमोचन सभी अतिथियों द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन मनीष परदेशी ने किया एवं सभी का आभार विकास नारोलिया द्वारा व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के अंत में नर्मदा भक्त उमाशंकर चौबे और ऋषिकांत पटवा का सम्मान किया गया। इस अवसर पर विवेक गौर, अजय चिंटू शर्मा, नंदकिशोर यादव, दीपक हेमनानी, रूपेश राजपूत, सुंदरम अग्रवाल, श्रीराम सगर सहित अन्य नगर के नर्मदाभक्तों ने नर्मदा अध्ययन दल के सदस्यों का स्वागत कर रवाना किया।

