
इटारसी / मालवीय गंज आसफाबाद लक्ष्मी जोधराज स्कूल मोबाइल टॉवर के पास नगर पालिका परिषद इटारसी द्वारा हाल ही में निर्मित पुलिया का एप्रोच भाग मात्र लगभग 20 दिनों में धंस गया। स्थिति इतनी गंभीर हुई कि शिकायत के बाद नगर पालिका को पूरी पुलिया तोड़नी पड़ी। यह घटना निर्माण गुणवत्ता, तकनीकी निगरानी और जनसुरक्षा पर गंभीर प्रश्न खड़े करती है। विशेषकर तब, जब इस मार्ग से प्रतिदिन स्कूली बच्चे और स्थानीय नागरिक गुजरते हैं। मामले को लेकर अखिल भारत हिंदू महासभा जिला नर्मदापुरम ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला अध्यक्ष उमेश कुमार चौधरी ने लिखित शिकायत के साथ सूचना का अधिकार (RTI) आवेदन देकर निर्माण कार्य से संबंधित अभिलेख, गुणवत्ता परीक्षण रिपोर्ट, माप पुस्तिका (MB), भुगतान विवरण और पुलिया तोड़ने के आदेश की प्रतियां मांगी हैं। संगठन का कहना है, यदि निर्माण मानकों के अनुरूप होता, तो मरम्मत पर्याप्त रहती, पूरी पुलिया तोड़ने की नौबत नहीं आती।
संगठन की प्रमुख मांगें:…….
1. पुलिया तोड़ने के आदेश व तकनीकी जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।
2. संबंधित ठेकेदार को तत्काल ब्लैकलिस्ट किया जाए।
3. शेष भुगतान पर रोक लगाकर पुनर्निर्माण का खर्च दोषी से वसूला जाए।
4. निगरानी में शामिल अधिकारियों/कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाए।
5. ठेकेदार के पंजीयन/लाइसेंस के निरस्तीकरण/निलंबन हेतु सक्षम प्राधिकारी को प्रतिवेदन भेजा जाए।
अखिल भारत हिंदू महासभा ने इसे जनसुरक्षा से सीधा खिलवाड़ बताते हुए कहा है कि यह मामला केवल एक निर्माण कार्य का नहीं, बल्कि सार्वजनिक धन के उपयोग, निर्माण गुणवत्ता और प्रशासनिक जवाबदेही की परीक्षा है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो प्रकरण को उच्च स्तर तक ले जाया जाएगा। ज्ञापन देते समय संभागीय अध्यक्ष सालिकराम तिवारी, इटारसी नगर अध्यक्ष सूरज चौरे सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

