
नर्मदापुरम / यातायात डीएसपी संतोष मिश्रा ने बताया कि नर्मदा प्राकट्योत्सव दिवस पर रविवार होने से एवं व्हीआईपी का वापसी मार्ग होने से उस दिन मीना बाजार की सड़क को खाली रखा गया था और उस सड़क पर लगने वाले बाजार को कोठी बाजार पर शिफ्ट किया था। इस व्यवस्था पर सकारात्मक प्रक्रिया आई थी और नर्मदा प्राकट्योत्सव आयोजन के दौरान व्यवस्था की सराहना की गई थी। उल्लेखनीय है कि पूर्व से भी कोठी बाजार पर रविवार को सब्जी मार्केट लगता है।
इस मार्ग पर बहुत से शासकीय कार्यालय हैं, रविवार को शासकीय कार्यालय बंद रहते हैं इससे कोई दिक्कत नहीं आएगी। आमजनों की सुविधा, मीना बाजार पर यातायात का अत्यधिक दबाव और बसों का रूट होने से जन धन की आशंका को रोकने की दृष्टि से यातायात पुलिस का प्रयास है कि मीना बाजार और पुलिस लाइन की सामने वाली सड़क को सब्जी विक्रेताओं से मुक्त रखा जाए। विकल्प में जेल तिराहे से पीपल तिराहे तक अथवा कोठी बाजार में इन्हें शिफ्ट किया जा सकता है। यह व्यवस्था करने के बाद यातायात पर पड़ने वाले प्रभाव और प्रतिक्रिया का अध्ययन किया जाएगा एवं इसके आधार पर आगे व्यवस्था जारी रखने का निर्णय लिया जाएगा। इस संबंध में मुख्य नगरपालिका अधिकारी से उप पुलिस अधीक्षक यातायात द्वारा चर्चा की गई है और उनके द्वारा व्यवस्था में सहयोग करने का आश्वासन दिया गया है एवं आगामी रविवार से यह व्यवस्था प्रारंभ की जाएगी।

