


विदिशा / वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण हेतु राष्ट्रव्यापी अभियान के अंतर्गत “संगम” कार्यक्रम गौरवपूर्ण वृद्धावस्था एवं सम्मानित जीवन के लिए मानव सेवा न्यास में प्रजापति ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय बालाजीपुरम सेंटर संचालिका बी के सपना के द्वारा किया गया। राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अखिल भारतीय स्वर्णकार महासभा एवं पूर्व लायंस अध्यक्ष लायन अरुण कुमार सोनी ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान के साथ ही योग, ध्यान, ज्ञान के कार्यक्रम शहर के गणमान्य लोगों की उपस्थिति में वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयोजित किये गये। सर्वप्रथम मां सरस्वती की पूजन, अर्चन, वंदन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। जिसमें अतिथि गणों का स्वागत तिलक एवं अंग वस्त्र से किया गया। इसके पश्चात बीके सपना के साथ अतिथि गणों एवं उपस्थित जन समुदाय ने कैंडल जलाकर दीप प्रज्वलन किया। इसके पश्चात बहुत ही गरिमा के साथ उपस्थित लगभग 60 वरिष्ठ नागरिकों का तिलक लगाकर पीत वस्त्र से सम्मान किया गया। इस अवसर पर मानव सेवा न्यास के अध्यक्ष रमेश अग्रवाल मंगल के द्वारा बीके सपना एवं बी के जूली एवं कार्यक्रम के सूत्रधार लक्ष्मण का अंग वस्त्र से सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एचडीएफसी बैंक मैनेजर श्रीकांत, अध्यक्षता बी के सपना एवं सफल संचालन लायन अरुण कुमार सोनी ने किया। अतिथि गणों में मनमोहन बंसल, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी लायन अरुण कुमार सोनी, डॉक्टर श्याम सिंह योगासन पतंजलि समिति अध्यक्ष, रमेश चंद्र अग्रवाल मंगल अध्यक्ष मानव सेवा न्यास, कवि एवं बैंक मैनेजर संतोष नामदेव, फैक्ट्री संचालक जगदीश नामदेव आदि ने अपने-अपने विचार व्यक्त किए । इस अवसर पर अपने उद्बोधन में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की संचालिका बी के सपना ने वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण हेतु संगम राष्ट्रव्यापी अभियान के बारे में बताते हुए कहा कि इससे वृद्धावस्था में वृद्ध लोग गौरवपूर्ण एवं सम्मानित ढंग से जीवन व्यतीत करें, ऐसे कई अभियान चलाकर प्रयास किया जा रहे हैं। आपने वृद्ध लोगों को अध्यात्म से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। आपने कहा की योग एवं ध्यान से हमारा तन एवं मन दोनों ही स्वस्थ रहते हैं। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को कई प्रकार की जानकारी प्रदान की एवं उपस्थित जन समुदाय को केंद्र पर आने का आमंत्रण दिया। भोजन एवं सेव फल प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। आभार व्यक्त मानव सेवा न्यास के अध्यक्ष द्वारा किया गया।

