


सिवनी मालवा / शासकीय कुसुम स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सिवनी मालवा की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा ग्राम सतवासा में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के दौरान विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में जनपद पंचायत सदस्य शेर सिंह दरबार एवं सतवासा के सरपंच तरुण बकोरिया सम्मिलित हुए वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश रघुवंशी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद सदस्य शेर सिंह दरबार ने कहा कि “NSS का ‘मैं नहीं, आप’ का संदेश ही वास्तव में राष्ट्र निर्माण की नींव है। युवा शक्ति जब समाज के अंतिम व्यक्ति की सेवा का संकल्प लेती है, तभी देश का सर्वांगीण विकास संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि किताबी ज्ञान के साथ-साथ सामाजिक अनुभव युवाओं के व्यक्तित्व को निखारता है।” सरपंच तरुण बकोरिया ने ग्राम पंचायत की ओर से हर संभव सहयोग किया एवं छात्रों द्वारा किए जा रहे स्वच्छता अभियान की सराहना की। प्राचार्य डॉ. राजेश रघुवंशी ने शिविर के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि कैसे ये शिविर विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता और सामाजिक समरसता की भावना विकसित करते हैं। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक गण, NSS कार्यक्रम अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे। स्वयंसेवकों ने ग्राम में रैली निकालकर स्वच्छता, नशामुक्ति और जल संरक्षण का संदेश दिया। अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।

