
नर्मदापुरम / प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 विकसित भारत के संकल्प को सशक्त करने वाला बजट है। यह बजट महिला सशक्तिकरण, युवा, किसान, गरीब और मध्यम वर्ग को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। यह बात भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष श्रीमती प्रीति शुक्ला ने केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही।
जिला अध्यक्ष श्रीमती प्रीति शुक्ला ने कहा कि बजट में महिलाओं के लिए हर जिले में महिला छात्रावास निर्माण, कामकाजी महिलाओं के लिए सुरक्षित आवास, SHE-marts के माध्यम से महिला उद्यमिता को बढ़ावा और महिला MSME के लिए ₹10,000 करोड़ का विशेष फंड जैसे महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। लखपति दीदी योजना के विस्तार और महिला उद्यमियों के लिए आसान ऋण सुविधा से नारी शक्ति आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, जल, डिजिटल इंडिया और बुनियादी ढांचे पर विशेष ध्यान दिया गया है। पूंजीगत व्यय में वृद्धि, राजकोषीय घाटे को नियंत्रित रखना और राज्यों को ब्याज मुक्त ऋण देने जैसे प्रावधान आर्थिक अनुशासन को दर्शाते हैं। मध्यम वर्ग को कर राहत, किसानों के लिए सिंचाई, भंडारण, पीएम किसान योजना और ग्रामीण रोजगार से जुड़े निर्णय देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देंगे।
जिला अध्यक्ष ने कहा कि यह बजट गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के सशक्तिकरण के साथ 2047 तक विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की ठोस नींव रखता है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण जी के प्रति आभार व्यक्त किया।

