
नर्मदापुरम / राजस्थान के अजमेर में आयोजित 07वीं नेशनल मास्टर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में मध्य प्रदेश के दिग्गज एथलीट और ‘मां रेवा सेवा समिति’ के सेवक के.एन. त्रिपाठी ने अपनी रफ्तार से इतिहास रच दिया है। 30 जनवरी से 2 फरवरी तक चली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में त्रिपाठी ने 5 किलोमीटर पैदल चाल (Race Walk) स्पर्धा में स्वर्ण पदक के साथ नर्मदापुरम का नाम पूरे देश में गौरवान्वित किया है।
*मैदान पर दिखा ‘त्रिपाठी’ का दबदबा*
प्रतियोगिता के दौरान त्रिपाठी की फिटनेस और तकनीक के आगे विपक्षी खिलाड़ी फीके नजर आए। भारत के विभिन्न राज्यों से आए 25 धावकों को कड़ी चुनौती देते हुए उन्होंने प्रतिद्वंदियों को 2 से 4 राउंड पीछे छोड़ दिया। उन्होंने यह दूरी 31 मिनट 26 सेकंड में तय कर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की।
*ग्लोबल चैंपियन से ‘कोच’ तक का सफर*
त्रिपाठी की यह सफलता कोई इत्तेफाक नहीं है। वे इससे पूर्व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी धाक जमा चुके हैं:…..
* मलेशिया (2023): शानदार पदार्पण।
* सिंगापुर (2024): स्वर्ण पदक जीता।
* ताइवान (2025): अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की झोली में पदक डाले।
*नर्मदा भक्ति और निस्वार्थ सेवा*
सपाक्स स्पीक संस्था के जिला अध्यक्ष त्रिपाठी का जीवन अनुशासन की मिसाल है। वे प्रतिदिन सुबह 5:00 बजे से पुलिस ग्राउंड में उभरते हुए खिलाड़ियों को निशुल्क प्रशिक्षण प्रदान करते हैं। उनकी ऊर्जा का रहस्य मां नर्मदा के प्रति उनकी अटूट श्रद्धा और प्रतिदिन 12 माह निरंतर स्नान व साइकिलिंग है। उनकी इस उपलब्धि पर नगर के खेल प्रेमियों और समाज सेवियों ने हर्ष व्यक्त किया है।

