
इटारसी / जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत पांडेय ‘गुड्डन’ ने आज पेश हुए केंद्रीय बजट को आम आदमी की उम्मीदों पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ करार दिया है। उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों की बाजीगरी है, जिसका जमीनी हकीकत से कोई वास्ता नहीं है। गुड्डन पांडेय ने कहा, “12 साल पहले इस ‘सूट-बूट वाली सरकार’ ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोज़गार और किसान कल्याण के जो ऊंचे-ऊंचे सपने दिखाए थे, वे आज एक-एक कर चकनाचूर हो चुके हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी क्षेत्रों में बजट कटौती करके यह साफ कर दिया है कि देश का आम आदमी उसकी प्राथमिकताओं में कहीं नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि ग्रामीण-शहरी विकास के दावों के बीच मध्यम वर्ग और किसानों को फिर से नजरअंदाज किया गया है। महंगाई की मार झेल रही जनता को इस बजट से राहत की उम्मीद थी, लेकिन सरकार ने केवल बड़े कॉर्पोरेट्स के हितों का ध्यान रखा है। कांग्रेस इस जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सड़क से सदन तक आवाज बुलंद करेगी।

