
नर्मदापुरम / आरटीओ ने शुक्रवार को 1 फरवरी से छत्रपति शिवाजी बस स्टैंड से शुरू होने बस स्टैंड का निरीक्षण किया जहां से बसों का संचालन होगा एवं बाजार वाले स्टैंड पर नहीं आएंगी बसें। शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। शुक्रवार शाम आरटीओ रिंकू शर्मा ने नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, एसडीएम नीलेश शर्मा, एसडीओपी वीरेंद्र मिश्र, सीएमओ रितु मेहरा और उपयंत्री आदित्य पांडे के साथ पुरानी इटारसी स्थित छत्रपति शिवाजी बस स्टैंड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आरटीओ ने स्पष्ट किया कि 1 फरवरी से बसों का संचालन अनिवार्य रूप से इसी स्टैंड से प्रारंभ हो जाएगा।
*नियमों की अनदेखी पर होगी सख्त कार्रवाई*
आरटीओ रिंकू शर्मा ने बस संचालकों को कड़े शब्दों में चेतावनी दी है:
* रूट का कड़ाई से पालन: अब बसें बाजार क्षेत्र में मौजूद पुराने बस स्टैंड पर नहीं जाएंगी।
* ओवरब्रिज पर नो-स्टॉपेज: ओवरब्रिज पर बसों का स्टॉपेज पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
* तत्काल कार्रवाई: नियमों का उल्लंघन करने वाले बस संचालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। शुरुआती दिनों में आरटीओ का स्टाफ मौके पर तैनात रहेगा ताकि व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
विधायक के निर्देशों पर अमल:…
यह निर्णय विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा द्वारा 27 जनवरी को आयोजित बैठक में दिए गए निर्देशों के बाद लिया गया है। विधायक ने स्पष्ट किया था कि जनहित में 1 फरवरी से नए बस स्टैंड का संचालन शुरू किया जाना है। आरटीओ का कहना है कि संचालन के दौरान आने वाली छोटी-मोटी समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया जाएगा।
*नर्मदापुरम में बनकर तैयार हुआ बस स्टैंड भी सुचारू रूप से चलने के इंतजार में, कब होगा बसों का संचालन*
वही नर्मदापुरम में भी प्राइवेट बस स्टैंड पर लाखों रुपए खर्च कर बस स्टैंड को सुचारु रूप से प्रारम्भ करने रोड बनाई गई है, लेकिन 1 साल बीत जाने के बाद भी यहां पुराने बस स्टैंड से सिवनी मालवा, हरदा एवं रेहटी, नसरुल्लागंज की ओर जाने वाली बसों का संचालन नहीं हो पा रहा है। जिससे शहर की जनता सुविधा नहीं मिल पा रही है। पूरे प्राइवेट बस स्टैंड पर आसपास के दुकानदारों ने अतिक्रमण कर रखा है, यहीं से होकर यात्रियों को रेलवे स्टेशन भी जाना होता है। कई बार अतिक्रमण के रूप में चार पहिया वाहन खड़े रहते हैं, जिससे लोगों को रेलवे स्टेशन जाने में असुविधा का सामना करना पड़ता है।

