
नर्मदापुरम / पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एक बार फिर संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का उदाहरण पेश किया गया है। दिनांक 27/01/26 की अलसुबह थाना इटारसी की डायल 112 (FRV-08) ने बीच रास्ते में फंसी तीन युवतियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुँचाकर पुलिस की “देशभक्ति-जनसेवा” की छवि को चरितार्थ किया। दिनांक 27/01/26 को सुबह लगभग 04:25 बजे डायल 112 (FRV-08) को इवेंट नंबर 26010680890 और 26010680905 प्राप्त हुआ। इवेंट में कॉलर खुशी गुप्ता ने अत्यंत घबराहट में बताया कि वह अपनी सहेलियों जन्नत और चेताली के साथ इंदौर से बस द्वारा नर्मदापुरम जा रही थीं। बस चालक ने उन्हें शहर के सुरक्षित स्टॉप पर उतारने के बजाय हाईवे पर एक सुनसान जगह पर उतार दिया। अंधेरा और सुनसान इलाका होने के कारण तीनों युवतियां असुरक्षित महसूस कर रही थीं। जिस पर सूचना मिलते ही थाना इटारसी में तैनात FRV-08 के प्रधान आरक्षक 286 संतोष कुमार मालवीय एवं चालक नीलेश पठारिया ने मामले की गंभीरता को समझा। महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टीम बिना समय गंवाए लोकेशन के लिए रवाना हुई और तत्काल कॉलर द्वारा बताए गए स्थान पर पहुँची। पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर तीनों युवतियों को ढांढस बंधाया और डायल 112 वाहन की मदद से उन्हें सुरक्षित उनके निवास स्थान तक छोड़ा। समय रहते पुलिस की मदद पाकर युवतियों और उनके परिजनों ने इटारसी पुलिस का आभार व्यक्त किया है। पुलिस की इस तत्परता ने एक बड़ी अनहोनी की आशंका को टाल दिया।

