
इटारसी / सागर मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल भोपाल एवं महिला बाल विकास विभाग इटारसी के सहयोग से निःशुल्क चिकित्सा परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन 30 जनवरी शुक्रवार को दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक किया गया। शिविर का आयोजन मुस्कान संस्था, ठाकुर जी गार्डन, न्यास कॉलोनी इटारसी में हुआ। शिविर में 120 से अधिक मरीजों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया एवं निःशुल्क दवाइयां प्राप्त कीं। शिविर में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. महेश शर्मा (MBBS, MD, DM कार्डियोलॉजी) ने मरीजों को परामर्श दिया। डॉ. शर्मा ने ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, हृदय रोग, सांस फूलना, कोलेस्ट्रॉल, मोटापा एवं 40 वर्ष से अधिक आयु के मरीजों की जांच की। शिविर में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. शिवानी बादल आचार्य (MBBS, MS, DNB, गोल्ड मेडलिस्ट) ने महिलाओं को परामर्श दिया। महिलाओं की मासिक धर्म संबंधी समस्याएं, पीसीओडी, हार्मोनल असंतुलन, ल्यूकोरिया, ओवेरियन सिस्ट एवं अन्य स्त्री रोगों की जांच की गई। इस अवसर पर परियोजना अधिकारी महिला बाल विकास विभाग दीप्ति शुक्ला ने बताया कि कलेक्टर सोनिया मीणा के निर्देश पर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत प्रत्येक वार्ड में नियमित रूप से स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि विभिन्न अस्पतालों के सहयोग से महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण हेतु अलग-अलग स्थानों पर शिविर लगाए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान मुस्कान संस्था के संचालक मनीष ठाकुर ने डॉक्टरों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि ऐसे जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर समाज के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। मनीष ठाकुर ने भविष्य में भी इसी प्रकार के सहयोग की अपेक्षा जताते हुए डॉक्टरों एवं अस्पताल प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।

