

सिवनी मालवा / शासकीय कन्या महाविद्यालय सिवनी मालवा द्वारा ग्राम बघवाड़ा में राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर के दूसरे दिन स्वयंसेविकाओं ने प्रातः प्रभात फेरी, योग, व्यायाम तथा स्वच्छता अभियान चलाया। दोपहर में एनएसएस के जिला समन्वयक दिग्विजय खत्री ने छात्राओं को एनएसएस के उद्देश्य से परिचित कराया, उन्होंने छात्राओं को विभिन्न खेलों से अवगत कराया तथा विभिन्न प्रेरणादायक गीतों को सिखाया। दोपहर में बौद्धिक सत्र में गीता परिवार से कैलाश सोनी ने गीता के उपदेश तथा स्वामी विवेकानंद के जीवन पर प्रकाश डाला तथा उनके सिद्धांतों और उपदेशों का जीवन में प्रभाव, युवाओं की प्रेरणा, व्यक्तित्व और शक्ति का वर्णन किया तथा स्वामी विवेकानंद के आदर्शों से जीवन को सफल बनाने के लिए श्री सोनी ने प्रेरित किया। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. उमेश कुमार धुर्वे ने इस तरह के प्रेरणादायक बौद्धिक सत्रों से ज्ञान अर्जन कर स्वयंसेविकाओं को जीवन में उतारने के लिए प्रेरित किया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी कु. आकांक्षा पाण्डेय ने इसी तरह के बौद्धिक सत्रों तथा आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों के बारे में बताया । डॉ. गजेंद्र कुमार वाईकर ने मंच संचालन किया तथा धीरेन्द्र कुमार दुबे ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस कार्यक्रम में एनएसएस की स्वयंसेविकाएं, स्कूल के छात्र-छात्राएं, महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. सरिता नागवंशी, डॉ. पदम शर्मा, श्रीमती विमला कदम, श्रीमती प्रतिभा साहू तथा डॉ. रीमा नागवंशी एवं शासकीय माध्यमिक विद्यालय बघवाड़ा के शिक्षक उपस्थित रहे।

