
सिवनी मालवा / शासकीय कन्या महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का उद्घाटन समारोह ग्राम बघवाड़ा में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती अनीता वर्मा, समाजसेवी एवं जनप्रतिनिधि रहीं। मुख्य अतिथि श्रीमती अनीता वर्मा ने एनएसएस स्वयं सेविकाओं को समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। पंचायत सचिव शंकर सिंह राजपूत ने ग्रामीण विकास में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। जनशिक्षक हरगोविंद गौर ने शिक्षा के साथ सेवा को जोड़ने की आवश्यकता बताई, वहीं जनप्रतिनिधि श्रीमती रेखा लोवंशी जी ने स्वयंसेवकों के कार्यों की सराहना की। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी कु. आकांक्षा पाण्डेय ने सात दिवसीय शिविर की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए प्रस्तावित गतिविधियों की जानकारी दी। प्राचार्य डॉ. उमेश कुमार धुर्वे ने अपने उद्बोधन में कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों में सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करता है। ऐसे विशेष शिविर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन डॉ. गजेंद्र कुमार वाईकर द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में मनोज कुमार प्रजापति ने आभार व्यक्त करते हुए सभी अतिथियों, प्राचार्य, आयोजन समिति एवं एनएसएस स्वयंसेवकों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्राओं की सहभागिता रही।

