

इटारसी / वुधवार दिनांक 28/01/2026 देश की प्रतिष्ठित कला शिक्षण संस्था इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ में बुधवार को 17वां दीक्षांत समारोह गरिमामय एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रामेन डेका, छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक अनुज शर्मा एवं कुलपति प्रो. डॉ. लवली शर्मा ने विद्यार्थियों को उपाधी एवं स्वर्ण पदक प्रदान कर सम्मानित किया। जिसमें 5 शोधार्थियों को डी.लीट, 64 शोधार्थियों को पीएचडी और 232 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक एवं 4 विद्यार्थियों को रजत पदक प्रदान किए गए। दीक्षांत समारोह के दौरान इटारसी के युवा कलाकार एवं गोल्ड मेडलिस्ट डॉ. दीपक वर्मा को कथक विद्या में डॉक्टरेट की उपाधि प्रदान की गई। उल्लेखनीय है कि डॉ. वर्मा को वर्ष 2015 में इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ द्वारा बी.ए. कथक में प्रावीण्य स्थान प्राप्त करने पर स्वर्ण पदक से भी सम्मानित किया गया था। डॉ. दीपक वर्मा वर्तमान में दूरदर्शन केंद्र, भोपाल के ग्रेडेड कलाकार हैं तथा नरसिंहगढ़ संगीत महाविद्यालय में सहायक प्राध्यापक (कथक) के पद पर कार्यरत हैं। समारोह में विश्वविद्यालय के पदाधिकारी, शिक्षाविद्, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

