


इटारसी / मध्यप्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी दीनदयाल रसोई योजना के तहत शहर में जरूरतमंदों को मात्र 5 रुपये में भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। नगर पालिका के सहयोग से, यह रसोई 2 सितंबर से सिटी थाने के बाजू में स्थित खाटू श्याम रसोई के परिसर में संचालित हो रही है। खाटू श्याम रसोई के प्रभारी नितिन वर्मा ने बताया कि भोजन दोपहर 12 बजे से शुरू होकर 3 बजे तक वितरित किया जाता है। इस योजना का लाभ शहर के निर्धन और गरीब वर्ग के व्यक्ति उठा रहे हैं, जिन्हें सिर्फ 5 रुपये के टोकन मूल्य पर भोजन की व्यवस्था कराई जा रही है। यह दीनदयाल रसोई संस्था के अध्यक्ष
मनीष सिंह ठाकुर, शालिनी निमोनिया, संस्था प्रभारी नितिन वर्मा, विक्रम भाट, यश ठाकुर और सिद्धार्थ चौधरी की देखरेख में संचालित की जा रही है।
*खाटू श्याम रसोई का सेवा भाव*
जिस परिसर में यह सरकारी योजना चल रही है, वहां खाटू श्याम रसोई पहले से ही अपने निःशुल्क सेवा कार्यों के लिए जानी जाती है। संस्था लंबे समय से गरीबों को निःशुल्क भोजन प्रदान करती आ रही है। कोरोना महामारी के दौरान, खाटू श्याम रसोई ने घर-घर भोजन पहुंचाया था और श्यामा प्रसाद मुखर्जी हॉस्पिटल में भी प्रतिदिन भोजन उपलब्ध कराया था। संस्था जिनके घर में कोई मृत्यु शोक होता है, उनके निवास पर 25 व्यक्तियों के लिए निःशुल्क भोजन टिफिन की व्यवस्था भी करती है।

