


सिवनी मालवा। मप्र जन अभियान परिषद एवं नर्मदा समग्र के संयुक्त अभियान “ग्रामोदय से अभ्युदय मप्र” के अंतर्गत मां नर्मदा जयंती के उपलक्ष्य में नर्मदा अनुभूति कार्यक्रम आयोजित किया गया। सिवनी मालवा विकासखंड के अंतर्गत बाबरी घाट पर मां नर्मदा के आंचल में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वक्ता के रूप में जन अभियान परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री मोहन नागर उपस्थित रहे। आपने सर्वप्रथम नर्मदाष्टक एवं भजनों के साथ मां नर्मदा की विधिवत पूजा अर्चना की। आपने संबोधित करते हुए कहा कि हमारे देश में हमने नदी, धरती, गाय, पवित्र ग्रंथ गीता को मां का दर्जा दिया है। अतः हमारा यह कर्तव्य है कि हम उनके प्रति मां की तरह ही व्यवहार करें ताकि मानव सभ्यता के विकास में इनका महत्व इसी तरह बरकरार रहे जैसा चिरकाल से चला आ रहा है। नदी, पहाड़, पेड़ हमारी आस्था के केंद्र रहे हैं। इनका संरक्षण हमें परिवार के सदस्य के रूप में करना चाहिए। नर्मदा अनुभूति कार्यक्रम के माध्यम से हम समाज को यह संदेश दें कि मां नर्मदा और उनके घाटों पर पॉलिथीन व अन्य कचरा के प्रयोग कतई ना करें। जल प्रदूषण व पर्यावरण प्रदूषण को बचाकर हमारा भविष्य सुरक्षित रखें। इसके पश्चात प्रदेश उपाध्यक्ष के नेतृत्व में सभी ने मां नर्मदा के घाट पर श्रमदान किया।घाट पर बिखरे कचरे को एकत्रित करके निवेदन करते हुए संदेश दिया कि मां के घाटों पर स्वच्छता बनाए रखें। इस दौरान परिषद के संभाग समन्वय कौशल प्रताप तिवारी, जिला समन्वयक पवन सहगल ने परिषद के साथियों को जनहित के कार्यों में अपना योगदान देते रहने के लिए प्रेरित किया। विकासखंड समन्वयक हरिदास दायमा के नेतृत्व में सभी परामर्शदाता, नवांकुर समितियां, प्रस्फुटन समिति, सीएमसीएलडीपी के विद्यार्थी उपस्थित रहे। ग्राम पंचायत बाबरी के सरपंच प्रतिनिधि नरहरि पटेल, सचिव रूप सिंह, सहायक सचिव देवेंद्र सिंह, समिति प्रतिनिधि राजेंद्र सिंह, नर्मदा सेवा समिति के सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता, ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

