


नर्मदापुरम / प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय नर्मदा महाविद्यालय के 50 छात्र-छात्राओं ने तवा पर्यटन स्थल का एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण किया। प्राचार्य डॉ. आर के चौकसे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश पर्यटन द्वारा प्रदेश में कई पर्यटन स्थलों का विकास किया गया है, जो न केवल मनोरंजन का साधन है, बल्कि ज्ञान, स्वास्थ्य, व्यापार, धार्मिक और सांस्कृतिक जानकारी भी प्रदान करता है। स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के प्रभारी डॉ. आलोक मित्रा ने पर्यटन के उद्देश्य और प्रकार पर चर्चा की, जबकि डॉ. कल्पना विश्वास ने पर्यटन में रोजगार और स्वरोजगार पर अपने विचार व्यक्त किए। मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के जिला पर्यटन प्रबंधक मनोज सिंह ठाकुर ने विद्यार्थियों को तवा बांध और 11 मुखी बजरंग मंदिर की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने पहले 11 मुखी बजरंग मंदिर में दर्शन किए और हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसके बाद तवा रिसोर्ट में हॉस्पिटैलिटी की जानकारी ली और मध्यप्रदेश टूरिज्म का धन्यवाद किया। इस अवसर पर डॉक्टर कल्पना विश्वास, सुमेर सिंह, श्रीमती मेघा रावत, कुमारी रेनू वर्मा सहित कई विद्यार्थी उपस्थित रहे।

