नर्मदापुरम / शासकीय विधि महाविद्यालय नर्मदापुरम के नवीन भवन (ग्राम बुधवाड़ा) में बसंत पंचमी के अवसर पर सरस्वती पूजन शासकीय विधि महाविद्यालय के भवन का लोकार्पण विगत दिवस माखन नगर में प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा वर्चुअल लोकार्पण उपरांत बुधवाड़ा के नवीन प्रांगण में शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्य प्रारंभ हो गये हैं। शासकीय विधि महाविद्यालय नर्मदापुरम के नवीन भवन, ग्राम बुधवाड़ा स्थित परिसर में आज बसंत पंचमी के पावन अवसर पर माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष पूजा-अर्चना एवं वंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों ने श्रद्धापूर्वक सहभागिता की। यह आयोजन प्राचार्य डॉ. कल्पना भारद्वाज तथा विभागाध्यक्ष शिवाकांत मौर्य के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार पटेल सहित डॉ. ओम् शर्मा, डॉ. हरिप्रकाश मिश्र तथा अरूणिका जैन की गरिमामय उपस्थिति रही। पूजन-अर्चन के माध्यम से विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों ने ज्ञान, विवेक, वाणी और सद्बुद्धि की अधिष्ठात्री देवी माँ सरस्वती से शैक्षणिक उन्नति एवं संस्कारित जीवन की कामना की। कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण एवं सामूहिक शुभकामना संदेश के साथ हुआ।

