
नर्मदापुरम / शहर के सबसे व्यस्ततम इलाके, बस स्टैंड के समीप स्थित एक हैंडलूम स्टोर के बाजू वाली गली इन दिनों अव्यवस्था का केंद्र बनी हुई है। यहाँ फुटपाथ के दोनों ओर अवैध रूप से लगाई गई सेल ने आम नागरिक और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।
*सस्ते के लालच में उमड़ रही भारी भीड़*
गली के फुटपाथ पर ₹100 में दो साड़ियाँ, चादरें, स्वेटर और कंबल जैसे सामानों की सेल लगी है। सस्ते दामों के चलते सुबह 10 बजे से ही यहाँ ‘मेले’ जैसा माहौल बन जाता है। स्थिति यह है कि फुटपाथ पूरी तरह गायब हो चुका है और लोग सड़क पर चलने को मजबूर हैं। सबसे अधिक चिंताजनक बात यह है कि यहाँ महिलाओं की भारी भीड़ जुट रही है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था चरमरा गई है।
*इतिहास से सबक लेना जरूरी*
स्थानीय नागरिकों के बीच अब इस बात की चर्चा तेज हो गई है कि कहीं यह स्थान भी पूर्व की अप्रिय घटनाओं का गवाह न बन जाए। ज्ञात हो कि कुछ समय पूर्व ‘चिचा शोरूम’ पर अनियंत्रित भीड़ और नियमों की अनदेखी के चलते प्रशासन को सीलिंग की कार्रवाई करनी पड़ी थी। वर्तमान में इस सेल के पास जिस तरह का जमावड़ा लग रहा है और संदिग्ध तत्वों की मौजूदगी देखी जा रही है, वह किसी बड़े हादसे या कानून-व्यवस्था बिगड़ने का संकेत दे रही है।
*दम तोड़ता यातायात*
बस स्टैंड जैसे संवेदनशील क्षेत्र में गली का ‘चोक’ होना आपातकालीन स्थिति में भारी पड़ सकता है। प्रशासन की नाक के नीचे फुटपाथ पर सरेआम दुकानें सजाई गई हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। यदि समय रहते इस अतिक्रमण और उमड़ती भीड़ पर लगाम नहीं लगाई गई, तो बस स्टैंड क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण से बाहर हो सकती है।

