

नर्मदापुरम / शुक्रवार को बसंत पंचमी के पावन अवसर पर द चैम्प्स फन स्कूल के रामायण हॉल में विद्या की देवी माँ सरस्वती की विधिवत पूजा-अर्चना का भव्य आयोजन किया गया। इस शुभ अवसर पर विद्यालय का संपूर्ण वातावरण श्रद्धा, भक्ति एवं सकारात्मक ऊर्जा से ओत-प्रोत रहा। इस धार्मिक आयोजन में विद्यालय के प्राचार्य डॉ. आशीष चटर्जी ने उनके मार्गदर्शन में माँ सरस्वती की पूजा सम्पन्न की। पूजा विधि का संचालन पंडित कुल्केश तिवारी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ किया गया, पूजन के साथ हवन एवं पूर्णाहुति भी संपन्न कराई गई। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी नन्हे-मुन्ने बच्चों ने पूरे श्रद्धा भाव के साथ सहभागिता की। बच्चों द्वारा सुमधुर स्वर में सरस्वती वंदना एवं गणेश वंदना प्रस्तुत की गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। पूजा के दौरान बच्चों ने मंत्रोच्चारण किया तथा पूजा उपरांत प्रसाद ग्रहण किया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं संस्कारों से जोड़ना रहा। इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों में ज्ञान, अनुशासन एवं सांस्कृतिक मूल्यों का विकास होता है। विद्यालय परिवार द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम न केवल धार्मिक दृष्टि से बल्कि शैक्षिक एवं सांस्कृतिक रूप से भी अत्यंत प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।

