

नर्मदापुरम / स्प्रिंगडेल्स सीनियर सेकेण्डरी स्कूल में आज दिनांक 23/01/2026 दिन शुक्रवार को बसंत पंचमी के पावन अवसर पर ज्ञान, विद्या एवं कला की देवी माँ सरस्वती की विधिवत पूजा-अर्चना श्रद्धा एवं उल्लास के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक रंगोलियों, पीले वस्त्रों, पुष्प एवं बंधनवार से सुशोभित किया गया। माँ सरस्वती की प्रतिमा की स्थापना सुसज्जित आसन पर विधिपूर्वक की गई। पूजा एवं हवन कार्यक्रम का आयोजन उपप्राचार्य श्रीमती लक्ष्मी पलोहिया के नेतृत्व में आचार्य वेदान्त दीक्षित जी के मार्गदर्शन में किया गया। विद्यार्थियों ने पूरे श्रद्धाभाव से हवन में आहुतियाँ प्रदान कर अपने उज्ज्वल भविष्य, ज्ञानवृद्धि एवं सफलता की कामना की। इस पावन अवसर पर डायरेक्टर डॉ. आशीष चटर्जी, डायरेक्टर श्रीमती जुही चटर्जी, डायरेक्टर सुभाशीष चटर्जी, प्राचार्य श्रीमती मोना चटर्जी, जनरल मैनेजर श्रीमती सोनल सोखी एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी पूजन, हवन एवं आरती में सहभागिता कर माँ सरस्वती का आशीर्वाद प्राप्त किया। साथ ही विद्यालय में उपलब्ध समस्त वाद्य यंत्रों, लेखनी एवं पुस्तक की भी विधिवत पूजा की गई, जिससे सांस्कृतिक एवं सृजनात्मक गतिविधियों के प्रति विद्यार्थियों में प्रेरणा का संचार हुआ। प्राचार्य श्रीमती मोना चटर्जी ने अपने उद्बोधन में बसंत पंचमी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “माँ सरस्वती की आराधना से जीवन में ज्ञान, विवेक, शांति और सफलता का मार्ग प्रशस्त होता है। विद्यार्थियों को सदैव शिक्षा और संस्कारों के पथ पर अग्रसर रहना चाहिए।” कार्यक्रम के समापन पर आरती के पश्चात विद्यार्थियों को प्रसाद वितरित किया गया। संपूर्ण विद्यालय परिवार ने माँ सरस्वती से ज्ञान, सद्बुद्धि एवं सफलता की कामना की। बसंत पंचमी उत्सव की प्रभारी श्रीमती स्मृति दुबे रहीं।

