
नर्मदापुरम / बुधनी / सामान्य वनमंडल के बुधनी वन परिक्षेत्र के भीमकोठी के जंगल में एक बाघ का शव संदिग्ध परिस्थित में मिलने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि बुधनी वन परिक्षेत्र के भीमकोठी के जंगल में एक बाघ का शव मिलने की सूचना पर वन महकमे में खलबली मच गई। घटना की सूचना मिलते ही विभाग की टीम सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे । टाइगर रिजर्व के डॉक्टरों की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर रेंजर, एसडीओ, डीएफओ सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। डॉक्टरों की टीम ने मौके पर ही बाघ के शव का परीक्षण किया और मौत के कारणों की गहन जांच शुरू कर दी गई। बताया जा रहा है कि वरिष्ठ अधिकारियों और वन्यजीव चिकित्सकों की मौजूदगी में बाघ का पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। यह कोई पहला मामला नहीं है। इसी क्षेत्र में पहले भी करीब एक दर्जन जंगली जानवरों की मौत हो चुकी है, जिनमें बाघ और तेंदुए जैसे संरक्षित वन्यजीव शामिल हैं। इसके बावजूद वन विभाग की निगरानी व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठ रहे हैं। अब एक बार फिर बाघ की संदिग्ध मौत ने वन विभाग की कार्यप्रणाली और वन्यजीव संरक्षण के दावों पर बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है। सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं।

