
नर्मदापुरम / पश्चिम मध्य रेलवे भोपाल मंडल में ड्यूटी के दौरान सजगता, कर्तव्यनिष्ठा एवं त्वरित निर्णय क्षमता का परिचय देते हुए संभावित रेल दुर्घटनाओं को टालने वाले दो कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी ने प्रशस्ति पत्र एवं संरक्षा पुरूस्कार प्रदान करते हुए सम्मानित किया। इस क्रम में निम्नलिखित दो मामलों में कर्मचारियों द्वारा दिखाई गई सतर्कता से रेल संरक्षा सुनिश्चित हुई- प्रकरण 01- दिनांक 28.12.2025 को ट्रैक मेंटेनर प्रकाश ट्रैक मेंटेनर-III, किलोमीटर 970/15A-13A अप लाइन पर पेट्रोलिंग ड्यूटी के दौरान बीना–कुरवाई कैथोरा सेक्शन में रेल की वेल्ड में क्रैक पाया। उन्होंने तत्काल सतर्कता बरतते हुए ट्रैक को सुरक्षित किया तथा संबंधित अधिकारियों को सूचित कर समय रहते आवश्यक कार्रवाई कराई, जिससे एक संभावित गंभीर दुर्घटना को टाल दिया गया और रेल संरक्षा सुनिश्चित हुई। प्रकरण 02-दिनांक 11. 01.2026 को लोको पायलट विक्रम यादव (मुख्यालय इटारसी) द्वारा भोपाल स्टेशन पर बीना मेमू का चार्ज लेने के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 02 के ट्रैक पर रेल ब्रेकेज देखी गई। उन्होंने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए स्टेशन प्रशासन को सूचना दी, जिससे समय रहते आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए गए और एक संभावित रेल हादसा टल सका।डीआरएम ने दोनों कर्मचारियों की कर्तव्यपरायणता, सतर्कता एवं रेल संरक्षा के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें संरक्षा पुरस्कार एवं प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्रदान किया। भोपाल मंडल अपने कर्मचारियों द्वारा रेल संरक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों को सदैव प्रोत्साहित करता रहेगा। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी विजय शंकर गौतम, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) रामेन्द्र पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

