
सिवनी मालवा / मप्र जन अभियान परिषद द्वारा शासकीय कुसुम महाविद्यालय, बनापुरा में ग्रामोदय से अभ्युदय मप्र अभियान के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वक्ता के रूप में जनपद पंचायत सीईओ श्रुति चौधरी, विशिष्ट अतिथि कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. उमेश कुमार धुर्वे मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विकासखंड समन्वयक हरिदास दायमा ने की। सीईओ श्रुति चौधरी ने कहा कि ग्रामोदय से अभ्युदय मप्र अभियान युवाओं के प्रेरणा स्रोत स्वामी विवेकानंद जी की जयंती से प्रारंभ होकर गणतंत्र दिवस तक चलेगा। विवेकानंद जी युवाओं के प्रेरणा स्रोत रहे हैं और हम सभी युवा साथियों को समाज में समानता स्थापित करते हुए अंतिम व्यक्ति को समाज की मुख्य धारा से जोड़ना है। सरकार की योजनाओं का प्रचार प्रसार करके लाभार्थियों को उचित लाभ प्रदान करवाना है। आपने जन अभियान परिषद द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए इस अभियान को सक्रियता से संचालित करने के लिए प्रेरित किया। डॉ. उमेश कुमार धुर्वे ने कहा कि गांव ही हमारी आत्मा है और हमें मिल जुलकर इसे मजबूत बनाना है। समाज सेवा के कार्य में परिषद के विद्यार्थी, समितियों व सहयोगियों की भूमिका को सराहते हुए सरकार और समाज के बीच सेतु बनाकर कार्य करने के लिए मार्गदर्शन दिया। विकासखंड समन्वयक हरिदास दायमा ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने कहा है उठो, जागो और अपने लक्ष्य को प्राप्त करो। इस मूल मंत्र को हम सभी को आत्मसात कर कार्य करना चाहिए जिससे कि अभियान की सफलता सुनिश्चित हो सके। कार्यक्रम में विकासखंड की नवांकुर संस्था लक्ष्मी समाज कल्याण समिति, जीवनदायिनी समाज सेवा समिति, दिशा जनकल्याण समिति, जन सेवा शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक संस्था, मां रेवा युवा समिति, नगर विकास व ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियां, परामर्शदाता रघुवीर मालवीय, ईश्वर विश्नोई, सेवनदास लोवंशी, श्यामा रघुवंशी, सीएमसीएलडीपी के विद्यार्थी, समाजसेवी उपस्थित रहे। अंत में सभी ने नशामुक्ति एवं जल संरक्षण की शपथ ली।

