
नर्मदापुरम / रविवार दिनांक 18/01/26 को एफआरवी (डायल-112) पर सतरास्ता के पास ट्रैफिक जाम होने की सूचना प्राप्त होने पर थाना कोतवाली नर्मदापुरम से पुलिस स्टाफ को मौके पर तस्दीक हेतु भेजा गया एवं वहाँ पाया गया कि चिचा गारमेंट्स दुकान के सामने तथा सतरास्ता एवं आसपास क्षेत्र में अत्यधिक भीड़ एकत्रित होकर यातायात पूर्णतः बाधित कर रही थी। रेलवे स्टेशन से सेठानी घाट की ओर (मौनी अमावस्या पर्व पर) आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। उक्त संबंध में दुकान मालिक अजय रतनानी मौके पर उपस्थित मिले, जिन्होंने बताया कि दुकान की ओपनिंग के लिए प्रचार-प्रसार किया गया था। मौके पर उपस्थित पुलिस बल द्वारा भीड़ को नियंत्रित कर यातायात सुचारु करने के प्रयास किए गए। इस दौरान भीड़ में धक्का-मुक्की एवं भगदड़ जैसी स्थिति निर्मित हो गई। दुकान संचालक द्वारा भीड़ एकत्र करने संबंधी कोई वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं की गई । उनके कृत्य से सार्वजनिक मार्ग बाधित हुआ एवं आम नागरिकों की सुरक्षा को खतरा उत्पन्न हुआ। उक्त कृत्य पर चिचा गारमेंट्स दुकान संचालक के विरुद्ध धारा 285 भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस द्वारा सभी आम नागरिकों से अनुरोध किया कि बिना अनुमति कोई आयोजन न करें।

