



नर्मदापुरम / ऑल इंडिया माली सैनी सभा, मध्य प्रदेश के तत्वावधान में शहडोल नगर में एक भव्य एवं गरिमामय मिलन समारोह का आयोजन सफलता पूर्वक संपन्न हुआ। इस सामाजिक समागम में समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य सदस्यों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ऑल इंडिया माली सैनी सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश सैनी, अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष अजय सैनी ने की। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय सचिव मोहन पटेल (जावरा), कल्पना सैनी, विनीता सैनी, प्रदेश सचिव बृजमोहन सैनी, गोविंद सैनी, राजेश सैनी, मनमोहन सैनी, सुशील बाड़ोलिया, प्रदेश महासचिव विनोद माली, सत्यनारायण कच्छावा सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मिलन समारोह का प्रमुख उद्देश्य समाज को संगठित करना, सामाजिक एकता को सुदृढ़ बनाना तथा शिक्षा, रोजगार एवं सामाजिक उत्थान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश सैनी ने समाज की ऐतिहासिक भूमिका पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से शिक्षा के साथ-साथ संगठन से जुड़कर समाज को नई दिशा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठित समाज ही प्रगति की नींव रखता है। प्रदेश अध्यक्ष अजय सैनी ने अपने उद्बोधन में युवाओं को समाज के संगठनात्मक कार्यों में आगे आने का आह्वान करते हुए कहा कि उच्च शिक्षा प्राप्त कर युवा पीढ़ी को समाज का नेतृत्व संभालना चाहिए, जिससे एक नई, सक्षम और कुशल पीढ़ी का निर्माण हो सके। प्रदेश सचिव बृजमोहन सैनी ने समाज में व्याप्त कुरीतियों पर चिंता व्यक्त करते हुए सभी से मिलकर उन्हें समाप्त करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। मिलन समारोह के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभावान व्यक्तियों का सम्मान भी किया गया। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि एकजुटता, सकारात्मक सोच और सामाजिक चेतना के माध्यम से माली समाज प्रदेश एवं देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। यह आयोजन सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के सफल आयोजन में राकेश सैनी डब्बू, अनिल माली, ऋषि माली, विनोद माली, दीपक माली, सोनू शंभू सैनी, प्रवीण सैनी, राहुल सैनी, विकास सैनी, विजय सैनी, राजू सैनी एवं शारदा सैनी का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का औपचारिक आभार प्रदर्शन विनीत सैनी द्वारा किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमती चारुलेखा बड़ोलिया ने किया।

