
नर्मदापुरम / स्थानीय कला प्रेमियों के लिए वुधवार का दिन बेहद खास रहा। शहर के प्रतिष्ठित डैज़लर डांस स्टूडियो (Dazzler Dance Studio) में बॉलीवुड की मशहूर कोरियोग्राफर दीपिका सोनी के सानिध्य में एक दिवसीय ‘एक्सक्लूसिव डांस वर्कशॉप’ का भव्य आयोजन किया गया। इस वर्कशॉप में डांस के प्रति उत्साही युवाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
*तकनीक और भाव-भंगिमाओं पर रहा जोर*
प्रशिक्षण के दौरान दीपिका सोनी ने प्रतिभागियों को बॉलीवुड डांस की बारीकियों से रूबरू कराया। उन्होंने केवल स्टेप्स ही नहीं सिखाए, बल्कि बॉडी लैंग्वेज, फेशियल एक्सप्रेशन (चेहरे के हाव-भाव) और स्टेज परफॉर्मेंस के दौरान आत्मविश्वास बनाए रखने के गुर भी सिखाए। वर्कशॉप के दौरान दीपिका का ऊर्जावान और मिलनसार व्यक्तित्व सभी के आकर्षण का केंद्र रहा।
*उभरते कलाकारों के लिए सुनहरा अवसर*
डैज़लर डांस स्टूडियो के प्रबंधन ने बताया कि उनका मुख्य उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को सही मंच और मार्गदर्शन प्रदान करना है। उन्होंने कहा:–
“दीपिका सोनी जैसी अनुभवी कलाकार का हमारे बीच होना गर्व की बात है। भविष्य में भी हम इसी तरह के आयोजन करते रहेंगे ताकि हमारे शहर के कलाकार सीधे इंडस्ट्री के विशेषज्ञों से नई तकनीकें सीख सकें और अपनी कला को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक ले जा सकें।”
वर्कशॉप के समापन पर प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ अपने अनुभव साझा किए और दीपिका सोनी की कोरियोग्राफी की जमकर तारीफ की।

