

नर्मदापुरम / मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन राज्य कार्यालय भोपाल द्वारा प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में नई चेतना 4.0 जेंडर आधारित हिंसा के खिलाफ राष्ट्रीय अभियान अंतर्गत एक साथ एक आवाज समानता के लिए हौसलों की उड़ान संदर्भ में बुधवार को मां नर्मदा के पावन तट पोस्ट ऑफिस घाट पर ग्रामीण क्षेत्र के महिला स्व सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं ने तिल गुड़ बैठक का आयोजन किया गया। उक्त कार्यक्रम में स्व. सहायता समूह की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने तिल गुड़ के लड्डू खुशी-खुशी खाए और अपने स्वतंत्र विचार रखें। उपस्थित सभी महिलाओं ने हौसलों की पतंग उड़ाई और अपनी अपनी पतंग पर विशेष संदेश लिखते हुए अपने अधूरे सपनों के बारे में लिखा जिन्हें वह पूरा करना चाहती हैं। कार्यक्रम के दौरान हमारे देश की प्रथम महिला शिक्षिका श्रीमती सावित्रीबाई फुले की प्रेरक कहानी के बारे में बताया कि आज से कई वर्ष पूर्व श्रीमती सावित्रीबाई फुले ने महिलाओं को एकत्रित करके समानता का संदेश देने के उद्देश्य से पुणे (महाराष्ट्र) में प्रथम तिल गुड़ सभा का आयोजन किया था, जिसमें उन्होंने तिल और गुड के महत्व के बारे में बताया। जिस प्रकार गुड और तिल एक दूसरे से मिलकर मिठास और स्वाद उत्पन्न करते हैं और संगठित रहने का संदेश देते हैं। इसी प्रकार महिलाओं को भी संगठित रहकर अपने साथ हो रहे अत्याचारों के खिलाफ आवाज उठाने का संदेश दिया। साथ ही तिल में विभिन्न प्रकार के प्रोटीन और पोषक तत्व होते हैं। जिससे विभिन्न प्रकार की बीमारियों से बचा जा सकता है एवं शारीरिक विकास के लिए बहुत अच्छा माना जाता है तथा गुड से हमें आयरन प्राप्त होता है जो एनीमियाऔर खून की कमी से बचाता है। आजीविका मिशन द्वारा 13 जनवरी से लेकर 15 जनवरी तक आयोजित कार्यक्रमों में 13 जनवरी को विषम परिस्थितियों में रहकर जो महिलाएं संघर्ष करते हुए आगे बढ़ी है और अपने आप को लखपति दीदी की श्रेणी में शामिल किया है। उन्होंने अपनी गाथा लखपति दीदी संवाद के माध्यम से अपने अपने संकुल स्तरीय संगठनों में आयोजित बैठकों में सुनाई। आज 14 जनवरी को विशेष पतंग महोत्सव एवं तिल गुड बैठकों का आयोजन जिले के समस्त विकासखंडों किया गया तथा 15 जनवरी को सातों विकास खंड में महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच हेतु चिकित्सा विभाग के सहयोग से निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन संबंधित स्वास्थ्य केन्द्रो पर किया जाएगा। जिसमें विकासखंड नर्मदापुरम का निशुल्क स्वास्थ्य शिविर डोलरिया के शासकीय स्वास्थ्य केंद्र में किया जायेगा। जिसमें ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं आकर निशुल्क स्वास्थ्य जांच करा सकेंगी। आज के कार्यक्रम में राज्य कार्यालय भोपाल से सनी सिंह, जिला कार्यालय से आजीविका मिशन की जिला प्रबंधक रोजगार एवं कौशल उन्नयन श्रीमती अर्चना शुक्ला रूसिया, विकासखंड नर्मदापुरम से विकासखंड प्रबंधक दुर्गेश ठाकुर, सहायक विकासखंड प्रबंधक राजन केरकेट्टा, श्रीमती कविता पाठक, श्रीमती नीरज सिंह परिहार, हिमांशु पवार, पवन मानकर एवं स्व सहायता समूहों की महिलाओं ने एवं आर सेटी में रोजगार मूलक प्रशिक्षण ले रही ग्रामीण युवतियों ने प्रतिभाग किया।

