
नर्मदापुरम / मकर संक्रांति जैसे पावन पर्व पर चाइनीज मांझे से हो रही लगातार दुर्घटनाएं भाजपा सरकार और प्रशासन की संवेदनहीनता को उजागर करती हैं यह बात जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवकांत गुड्डन पांडेय ने बताया और कहा कि प्रदेश में चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध के बावजूद खुलेआम इसकी बिक्री हो रही है, जो शासन-प्रशासन की विफलता का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने कहा कि इटारसी निवासी शुभम शर्मा जैसे होनहार युवा, जो रेलवे और एसएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, आज जानलेवा मांझे की भेंट चढ़ रहे हैं । गले पर गंभीर कट लगना केवल एक दुर्घटना नहीं, बल्कि व्यवस्था पर करारा तमाचा है। यदि समय रहते प्रशासन सख्ती से कार्रवाई करता, तो इस तरह की घटनाओं को रोका जा सकता था। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार कागजों में प्रतिबंध और जमीन पर ढील की नीति पर चल रही है। एक ओर आदेश जारी किए जाते हैं, दूसरी ओर बाजारों में बेखौफ चाइनीज मांझा बिक रहा है। न तो दुकानदारों पर प्रभावी कार्रवाई हो रही है और न ही वैकल्पिक सुरक्षित धागों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केवल पुलिस की समझाइश से समस्या का समाधान नहीं होगा। जब तक निर्माण, भंडारण और बिक्री करने वालों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी, तब तक आम नागरिकों की जान खतरे में बनी रहेगी। कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि चाइनीज मांझा बेचने वालों पर तत्काल एफआईआर दर्ज हो, लाइसेंस निरस्त किए जाएं और दोषियों को जेल भेजा जाए। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रशासन से मांग की कि घायल शुभम शर्मा को बेहतर उपचार और शासन स्तर से आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। साथ ही उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे नायलॉन एवं चाइनीज मांझे का उपयोग न करें और दूसरों की जान जोखिम में डालने वाले ऐसे कृत्यों का विरोध करें। कांग्रेस पार्टी जनहित के इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी और यदि प्रशासन ने लापरवाही जारी रखी तो पार्टी आंदोलन का रास्ता अपनाने को बाध्य होगा। यह जानकारी जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनिल रैकवार द्वारा दी गईं। बता दें कि जिले में चाइनीज मांझे के खिलाफ पहली कार्रवाई सोहागपुर पुलिस ने की थी, इसके बाद आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

