
नर्मदापुरम / मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर तथा माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश नर्मदापुरम के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय युवा दिवस (12 जनवरी 2026) के अवसर पर साप्ताहिक जन-जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सुरजगंज इटारसी मेँ जिला न्यायाधीश इटारसी आदित्य रावत की उपस्थिति में विद्यालय की छात्राओं द्वारा अनुशासित, ईमानदार एवं सेवा-भाव के साथ एक अच्छी, जिम्मेदार एवं सशक्त भारतीय नागरिक बनने की शपथ ग्रहण की गई। इस अवसर पर जिला न्यायाधीश ने 11 सितम्बर 1893 को शिकागो में आयोजित धर्म संसद सम्मेलन में स्वामी विवेकानंद द्वारा दिए गए ऐतिहासिक उद्बोधन का उल्लेख करते हुए उनके विचारों—मानवता, आत्मविश्वास, राष्ट्रसेवा एवं चरित्र निर्माण—पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया तथा कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र की वास्तविक पूंजी है। नशा-मुक्त, जागरूक एवं आत्मनिर्भर युवा ही सशक्त भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य सतीश खलोगे, प्रधान पाठक महेश कुमार रायकार, व्याख्याता श्रीमती शिवि सूद, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

