
नर्मदापुरम / रविवार को शहर के सराफा बाजार में क्राइम ब्रांच की टीम आने से हलचल मची रही। स्थानीय सराफा चौक स्थित शहर के एक प्रतिष्ठित संस्थान, लल्ला ज्वेलर्स के संचालक के पुत्र को भोपाल क्राइम ब्रांच ने हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई भोपाल के बागसेवनिया क्षेत्र में हुई एक बड़ी चोरी के मामले के तार जुड़ने के बाद की गई है। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर भोपाल ले गई है, जिससे शहर के व्यापारिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, भोपाल के बागसेवनिया थाना क्षेत्र में बीते दिनों चोरी की एक वारदात हुई थी। इस मामले की पड़ताल कर रही क्राइम ब्रांच की टीम ने जब संदेहियों को पकड़ा, तो नर्मदापुरम निवासी दो शातिर चोर पुलिस के हत्थे चढ़े। ये दोनों आरोपी नर्मदापुरम के एकता नगर (सेठ गुरु प्रसाद स्कूल के पास) के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
*योजनाबद्ध तरीके से खपाया गया माल*
पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि चोरों ने भोपाल से चोरी किए गए सोने के जेवरातों को सुरक्षित ठिकाने लगाने के लिए एक सुनियोजित रास्ता चुना:
* सोना गलाने का काम: चोरों ने पहले सराफा चौक के पास ही सोना गलाने वाले एक व्यक्ति से संपर्क किया।
* पहचान छुपाने की कोशिश: जेवरातों को गलवाकर उसे शुद्ध सोने के रूप में बदला गया ताकि वे पहचाने न जा सकें।
* व्यापारी की संलिप्तता: गला हुआ चोरी का यह सारा सोना कथित तौर पर लला ज्वेलर्स के पुत्र को बेच दिया गया।
*पुलिस की कार्रवाई*
क्राइम ब्रांच ने जब चोरों की निशानदेही पर कड़ियां जोड़ीं, तो जांच की सुई सीधे लल्ला ज्वेलर्स तक जा पहुंची। पुलिस ने रविवार को स्थानीय सराफा बाजार में दबिश दी और चोरी का माल खरीदने के संदेह में व्यापारी के पुत्र को धर दबोचा। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या उक्त व्यापारी द्वारा पहले भी इस तरह का संदिग्ध सोना खरीदा गया है।

