

सिवनी मालवा / लोधा लौवंशी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सिवनी मालवा विधायक प्रेमशंकर वर्मा ने कहा कि सिवनी मालवा की बेटी कीर्ति शिवकुमार लौवंशी की संघर्ष, साहस और आत्मविश्वास से भरी जीवन यात्रा आज हम सभी के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय बन चुकी है। उन्होंने कहा कि कीर्ति की कहानी यह सिद्ध करती है कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, मजबूत इरादों के आगे वे कभी बाधा नहीं बन सकतीं। विधायक प्रेमशंकर वर्मा ने बताया कि विवाह के मात्र छह माह पश्चात एक दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में ऊंचाई से गिरने के कारण कीर्ति कमर से नीचे के हिस्से से पैरालिसिस हो गई थीं। यह ऐसा समय था जब कोई भी टूट सकता था, लेकिन कीर्ति ने हार नहीं मानी। लगातार 15 वर्षों तक उन्होंने अदम्य साहस, जुनून और आत्मबल के साथ अपने सपनों को जीवित रखा और हालात को अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया। इसी अटूट हौसले और निरंतर संघर्ष का परिणाम यह रहा कि जयपुर में आयोजित ऑल इंडिया स्तर की प्रतियोगिता में देशभर से आई प्रतिभागियों के साथ व्हीलचेयर ग्रुप डांस में भाग लेकर कीर्ति शिवकुमार लौवंशी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर इतिहास रच दिया। यह उपलब्धि केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि उन सभी बेटियों के लिए संदेश है, जो जीवन में किसी न किसी संघर्ष से जूझ रही हैं। विधायक ने कहा कि कीर्ति की यह सफलता सिवनी मालवा, उनके परिवार और पूरे समाज के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने अपने जज़्बे, मेहनत और प्रतिभा से यह साबित कर दिया कि अगर हौसले मजबूत हों, तो कोई भी बाधा रास्ता नहीं रोक सकती। कीर्ति आज केवल एक विजेता नहीं, बल्कि सैकड़ों बेटियों के लिए उम्मीद, आत्मविश्वास और प्रेरणा का प्रतीक बन चुकी हैं। विधायक प्रेमशंकर वर्मा ने कीर्ति लौवंशी को इस ऐतिहासिक और प्रेरणादायक सफलता पर हृदय से बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि कीर्ति का आने वाला भविष्य और भी उज्ज्वल हो, वे इसी तरह आगे बढ़ती रहें और समाज की अनगिनत बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनती रहें। कीर्ति की इस सफलता ने एक पुरानी कहावत को नया अर्थ दे दिया। बचपन से सुना जाता है कि हर कामयाब पुरुष के पीछे एक महिला का हाथ होता है, लेकिन यहां एक कामयाब महिला के पीछे उसके जीवनसाथी का मजबूत साथ दिखाई दिया। शिवकुमार लोवंशी का यह सहयोग, विश्वास और संबल कीर्ति की ताकत बनकर हर कदम पर साथ रहा। कीर्ति लोवंशी ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके जीवन का अत्यंत गर्व का क्षण है। Astitva 2025 में Dance with Wheels के मंच पर प्रस्तुति देने के बाद उनके कार्य और संघर्ष को क्षेत्रीय विधायक प्रेमशंकर वर्मा द्वारा सम्मानित किया गया, जिसके लिए उन्होंने हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि उस विश्वास, मेहनत और सहयोग का परिणाम है जो उन्हें Dance with Wheels परिवार से मिला। कीर्ति ने विशेष रूप से Dance with Wheels की संस्थापक प्रिया शर्मा का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने न सिर्फ मंच दिया, बल्कि उन पर विश्वास कर आगे बढ़ने की हिम्मत भी दी। कीर्ति के शब्दों में, यह सफर अभी जारी है और ऐसे मार्गदर्शन व सहयोग से हर कदम और अधिक मजबूत बनता जा रहा है।

